नवबिहार टाइम्स संवाददाता
औरंगाबाद। शहर के रामाबांध बस स्टैंड के समीप तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक की चपेट में आने से एक 69 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। वहीं इस घटना में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान कुटुंबा प्रखंड के तुरता गांव निवासी बिंदा शर्मा के रूप में हुई है। जबकि घायल चालक मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चंदौली गांव निवासी मुन्ना कुमार है।
परिजनों ने बताया कि बिंदा शर्मा के घर छठ पर्व हुआ था। शनिवार की सुबह वे अपने घर से बस पकड़कर बारुण थाना क्षेत्र के जनकोप गांव अपने छोटे भाई के ससुराल छठ पूजा का प्रसाद पहुंचाने गए थे। शनिवार की शाम वे वापस अपने घर लौट रहे थे। बाईपास के समीप उतरकर वे पैदल रामाबांध बस पकड़ने के लिए जा रहे थे. तभी बाइक सवार ने टक्कर मार दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान घायल बिंदा शर्मा की मौत हो गई। वहीं बाइक सवार का प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी गई, सूचना पर परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। इधर घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गयी है। पता चला कि मृतक के तीन बेटे हैं। मृतक गांव में ही रहकर फर्नीचर का काम करते थे, घटना के बाद से परिजनों पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा।