पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह ने शुरू किया नबीनगर विधानसभा क्षेत्र में ग्राम संपर्क यात्रा
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
औरंगाबाद। साल 2005 में बिहार की सत्ता संभालने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार ने बुनियादी शिक्षा के महत्व को समझा और स्कूलों में सुविधाओं के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर बल दिया। राज्य सरकार ने पंचायत स्तर पर शिक्षा व्यवस्था को ठीक करने पर जोर दिया। सरकार द्वारा ऐसी व्यवस्था की गई है कि प्रत्येक पंचायत में ही उच्च माध्यमिक विद्यालय खोले गए ताकि गांव में पढ़ने वाले बच्चों को 10वीं के बाद आगे की पढ़ाई के लिए शहर का रुख न करना पड़े। नीतीश सरकार ने 12वीं यानी इंटर तक की पढ़ाई की व्यवस्था गांव में ही कर दी गई है। यह बातें औरंगाबाद के पूर्व सांसद सह नबीनगर के पूर्व विधायक वीरेंद्र कुमार सिंह ने गुरुवार को ग्राम संपर्क यात्रा के दौरान कही।
बारुन के जदयू प्रखंड अध्यक्ष उपेंद्र कुमार यादव ने बताया कि पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह नबीनगर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बारुन प्रखंड के धनगाई ग्राम पंचायत में भ्रमण किए। उन्होंने पंचायत के कतेया, रामपुर, तेलडीहा, बलीकरना, भुआपुर, बटुरा, शीशो बीघा, करहारा, परसिया, कल्याणपुर, आसखाप, हाथीखाप, टिकाधर बिगहा एवं धनगाई गांव का भ्रमण किया। इस दौरान पूर्व सांसद ने वहां के ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। साथ ही समस्या का समाधान करने का भी आश्वासन दिया। वहीं जगह–जगह ग्रामीणों ने भी पूर्व सांसद का अपनी तरफ से माला पहना कर स्वागत किया।
यात्रा में जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार सिंह, विभूति नारायण पांडेय, बारून प्रखंड प्रमुख धनिक लाल मंडल, पूर्व अध्यक्ष अनिल कुमार यादव, पवन यादव, अंजनी कुमार सिंह, विमलेश पासवान, सनी पटेल, रोशन कुमार, विजय राजवंशी, अरविंद पांडे, मनोज कुमार आदि मौजूद रहे। पूर्व सांसद की ग्राम संपर्क यात्रा को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।