नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। नक्सल प्रभावित औरंगाबाद जिला में नक्सलियों के खिलाफ चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत सुरक्षा बलों के सहयोग से औरंगाबाद पुलिस ने आज 32 एकड़ में लगी अफीम फसल को विनष्ट कर दिया। मामला मदनपुर थानांतर्गत के सुदूरवर्ती इलाका सागरपुर, ढ़कपहरी जंगली क्षेत्र का है, जहां अज्ञात नक्सलियों द्बारा अफीम की खेती की जा रही थी। सुरक्षा बलों ने जंगल में लगी अफीम की फसल को ट्रैक्टर चला कर एवं लाठी डंडे से पीट कर नष्ट कर दिया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अम्बरीष राहुल एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी रूचि सिह के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार तथा सीआरपीएफ के 47 वीं बटालियन के नेतृत्व में की गई। जब्त अफीम की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में छह करोड़ रूपये से अधिक आंकी गयी है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित कुमार ने कहा कि अवैध रूप से की जा रही अफीम की खेती के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है जिसके फलस्वरूप सोमवार को 32 एकड़ में लगी अफीम की खेती को नष्ट किया गया है। मामले में वन विभाग के द्बारा अज्ञात के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि किसानों एवं स्थानीय लोगों को चेतावनी दी कि वे किसी भी प्रकार की अवैध खेती में लिप्त न हों अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं लोगों से अपील की है कि वे अवैध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। कहा कि इस छापामारी अभियान के फलस्वरूप नक्सलियों और अफीम माफिया का भारी नुकसान हुआ है। पुलिस ने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।