- हमारे पास खोने के लिए कुछ भी नहीं लेकिन तेजस्वी के पास बहुत कुछ
- तेजस्वी यादव को इस विवाद को सुलझाने और दोनों परिवार की इज्जत बचाने की जिम्मेदारी लेनी चाहिए
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव के रिलेशनशिप को लेकर हुए खुलासे के बाद मचे बवाल के बीच मंगलवार को आकाश यादव सामने आए। अनुष्का यादव के भाई आकाश यादव ने मीडिया को अपनी पहली प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि क्या तेज प्रताप ने कोई अपराध किया है? क्या उन्होंने बलात्कार किया या परिवार पर कोई दाग लगाया है? फिर क्यों इतना बड़ा निर्णय लिया गया?” वहीं, शादी से जुड़े सवाल पर आकाश यादव ने कहा कि यह मामला पूरी तरह निजी और व्यक्तिगत है।उन्होंने कहा कि बहन के चरित्र पर जो बयानबाज़ी हो रही है, वह अनुचित और निंदनीय है। तेजस्वी यादव को इस विवाद को सुलझाने और दोनों परिवारों की इज्जत बचाने की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। “हमारे पास खोने को कुछ नहीं है, पर तेजस्वी के पास बहुत कुछ है।”
आकाश यादव ने कहा कि उन्होंने जो भी देखा है सोशल मीडिया के माध्यम से ही देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि एक लड़का-लड़की जब एडल्ट हों और वे खुद बोलें तो ज्यादा अच्छे से बात आएगी। दो एडल्ट लोगों का अगर विषय आता है तो हमें लगता है कि लड़का और लड़की दोनों बोलेंगे तो वो ज्यादा अच्छे से आएगा। आकाश यादव ने कहा कि नियमत: भी यही है कि अगर किसी का पर्सनल मैटर है और जो शख्स उसमें शामिल है, वह अपनी बात रखता है तो वह ज्यादा स्पष्ट के रूप में होगा। जहां तक हमसे पूछने की बात है तो अनुष्का यादव मेरी छोटी बहन है। अनुष्का यादव का जो भी निर्णय होगा, हम मजबूती के साथ एक बड़े भाई का फर्ज निभाएंगे। जो एक अच्छा भविष्य होगा बहन के लिए हम उसके लिए आगे का कदम उठाएंगे। शादी कब हुई है इस पर आकाश यादव ने कहा कि लड़का और लड़की की ओर से जब यह बात आएगी तो हमको लगता है कि ये बेहतर होगा। क्या शादी के बारे में पता नहीं था इस पर कहा कि कई चीजें पर्सनल होती हैं। उन्होंने इस पूरे मामले में साफ कहा कि दो परिवारों की बात है। लड़का और लड़की के भविष्य की बात है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अनुष्का यादव घर पर ही हैं। बता दें कि आकाश यादव छात्र राजद के अध्यक्ष रह चुके हैं। जगदानंद सिंह और तेज प्रताप के बीच हुए विवाद के बाद किसी और को इस पद की जिम्मेदारी दे दी गई थी। इसके बाद आकाश यादव पशुपति कुमार पारस की पार्टी रालोजपा में चले गए हैं।