नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
रांची। जगन्नाथ महोत्सव 2025 में कला संस्कृति एवं खेलकूद युवा कार्य विभाग की सौजन्य से 1 जुलाई से 6 जुलाई तक रांची में सांस्कृतिक कार्यक्रम का विशाल आयोजन किया गया है। इसमें झारखंड के कई सांस्कृतिक संस्थान और प्रमुख कलाकारों के द्वारा प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जा रहा है। आज के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कई क्षेत्रीय जनजातीय एवं आधुनिक नागपुरी गीत एवं नृत्य की प्रस्तुति की गई।
साथ ही रांची की मशहूर गायिका डॉक्टर मृणालिनी अखौरी के द्वारा बहुत ही शानदार कार्यक्रम की प्रस्तुति की गई। कार्यक्रम में सबसे पहले भगवान जगन्नाथ को समर्पित भजन “शाम सुबह नाम भजो जय हो जगन्नाथ” जिसको गायिका मृणालिनी ने हीं लिखा और धुन में पीरोया था, उसके बाद गोविंद बोलो हरि गोपाल बोलो भजन लोगों के दिलों को बहुत भाया।
भजन के बाद फिर आम दर्शकों के पसंद के अनुसार सूफी गीतों की प्रस्तुति मृणालिनी के द्वारा की गई , जिनमें “छाप तिलक सब छीनी मोसे नैना मिलाइके” लोगों के द्वारा काफी पसंद किया गया, उसके बाद सबसे अंत में दर्शकों की फरमाइश पर सूफी गीत “दमा दम मस्त कलंदर अली दा पहला नंबर” गीत की प्रस्तुति मृणालिनी के द्वारा की गई, जिस पर दर्शक दीर्घा में बैठे दर्शकगण झूम उठे और तालिया बजाकर कलाकारों का अभिवादन किया।
संगत में कीबोर्ड पर श्रीकांत इंदवार, तबले पर संजीव पाठक, गिटार पर शांतनु मुखर्जी और ऑक्टोपैड पर सुदन सिंह ने साथ दिया। कार्यक्रम के बाद डॉक्टर मृणालिनी अखोरी को पद्मश्री महावीर नायक के हाथों विभाग के द्वारा सर्टिफिकेट और मोमेंटो देकर बेहतर प्रस्तुति के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में नंदलाल नायक, मनपुरण नायक, देवदास विश्वकर्मा, और कार्यक्रम संयोजक जयकांत इंदवार मौजूद रहे।