नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। बिहार सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी प्रत्यय अमृत को राज्य का अगला मुख्य सचिव नियुक्त करने की अधिसूचना जारी कर दी गई है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से सोमवार को जारी अधिसूचना के अनुसार, 1991 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा अधिकारी प्रत्यय अमृत वर्तमान मुख्य सचिव अमृतलाल मीणा की 31 अगस्त 2025 को होने वाली सेवानिवृत्ति के बाद 1 सितंबर से यह अहम जिम्मेदारी संभालेंगे। फिलहाल प्रत्यय अमृत विकास आयुक्त के साथ-साथ अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य विभाग तथा आपदा प्रबंधन विभाग के प्रभार में हैं। उन्हें 1 सितंबर तक मुख्य सचिव कार्यालय में विशेष कार्य पदाधिकारी के रूप में अतिरिक्त प्रभार में रखा गया है।
प्रत्यय अमृत को एक सक्षम, कार्यकुशल और दूरदर्शी प्रशासक के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल में कई जटिल प्रशासनिक चुनौतियों का सफलतापूर्वक समाधान किया है। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम जैसी निष्क्रिय संस्था को पुनर्जीवित करने में उनका योगदान काफी चर्चित रहा है। उन्होंने निगम को घाटे से निकालकर एक लाभकारी और भरोसेमंद संस्था में बदल दिया।
प्रत्यय अमृत नीतीश कुमार सरकार के भरोसेमंद अधिकारियों में से एक माने जाते हैं। उन्होंने राज्य की अवसंरचना, स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन सहित कई अहम क्षेत्रों में सरकार की नीतियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी नियुक्ति को प्रशासनिक हलकों में एक सकारात्मक संकेत के रूप में देखा जा रहा है, जिससे यह उम्मीद की जा रही है कि बिहार प्रशासन को एक अनुभवी और दूरदर्शी नेतृत्व मिलेगा।