नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। दिवंगत राजमाता विजयाराजे सिंधिया जी की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि राजमाता सिंधिया जी भारतीय राजनीति की एक ऐसी अद्वितीय शख्सियत थीं, जिन्होंने न केवल जनसेवा को अपना जीवन उद्देश्य बनाया, बल्कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना और संगठनात्मक मजबूती में अपना अमूल्य योगदान दिया। वह भारतीय जनता पार्टी की संस्थापक सदस्य के रूप में सदैव सक्रिय रहीं और अपने राजनीतिक जीवन में राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा।
डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने कहा कि राजमाता सिंधिया जी का जीवन हमें यह सिखाता है कि समाजसेवा और राजनीति का वास्तविक अर्थ त्याग, समर्पण और जनकल्याण की भावना से जुड़ा होता है। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी अपने आदर्शों से कभी समझौता नहीं किया। उनके नेतृत्व, सादगी और कर्मठता ने नारी शक्ति को नई पहचान दी। वे न केवल मध्यप्रदेश बल्कि पूरे देश की महिलाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत रहीं।
उन्होंने आगे कहा कि राजमाता सिंधिया जी ने जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक संगठन को मजबूत बनाने के लिए अनगिनत यात्राएँ कीं और अपने जीवन के अंतिम क्षण तक पार्टी और राष्ट्र के प्रति समर्पित रहीं। उनके कार्यों और विचारों से आज भी पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रेरणा मिलती है। हम सभी को उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का संकल्प लेना चाहिए।