नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गया। आज भारत सरकार की महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी एवं भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी से भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने मुलाकात की। इस दौरान विधानसभा चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। डॉ. मिश्रा ने दोनों नेताओं से संगठन को और सशक्त बनाने तथा कार्यकर्ताओं के मनोबल को ऊँचा करने के लिए मार्गदर्शन प्राप्त किया।
इस अवसर पर अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ हैं और बूथ स्तर पर मजबूती ही जीत की कुंजी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि प्रत्येक मतदाता तक केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाएं ताकि जनता भाजपा के विकास कार्यों पर भरोसा रखे और पुनः पार्टी को भारी बहुमत से विजयी बनाए।
वहीं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ त्रिपाठी ने कहा कि “एक-एक बूथ ना छूटे, हर घर तक कमल खिले” यही हमारा लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने बताया कि संगठन का हर कार्यकर्ता बूथ स्तर पर जनता से संवाद बढ़ाए, समाज के सभी वर्गों तक पहुंचे और सकारात्मक संदेश लेकर जाए।
डॉ. मनीष पंकज मिश्रा ने कहा कि वह पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन से प्रेरित होकर अपने क्षेत्र में कार्यकर्ताओं को संगठित करेंगे तथा बूथ स्तर पर अभियान चलाकर भाजपा गठबंधन के प्रत्याशियों को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।