विज्ञान भवन में जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल ने प्राप्त किया 25 लाख रुपये का पुरस्कार
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
नई दिल्ली/मोतिहारी। जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय जल मिशन अंतर्गत ‘जल संचयन जन भागीदारी (JSJB) 1.0’ श्रेणी में उत्कृष्ट कार्य के लिए पूर्वी चंपारण जिले को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। 18 नवंबर 2025 को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में आयोजित समारोह में भारत के राष्ट्रपति और जल शक्ति मंत्रालय की ओर से जिले को प्रशस्ति पत्र तथा 25 लाख रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान समारोह में पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी और उप विकास आयुक्त ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर पुरस्कार ग्रहण किया।
यह उपलब्धि जिले में जल संरक्षण, जल संचयन और पर्यावरण अनुकूल पहलों के तहत किए गए व्यापक कार्यों के परिणामस्वरूप प्राप्त हुई है। पूर्वी चंपारण में जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए कुल 6374 संरचनाओं का निर्माण और मरम्मतिकरण किया गया। इनमें मनरेगा के तहत 6277, लघु जल संसाधन विभाग द्वारा 30 और पंचायती राज विभाग द्वारा 67 संरचनाएँ शामिल हैं। इन कार्यों में आहर, पईन, सार्वजनिक व निजी तालाबों का जीर्णोद्धार, छत वर्षा जल संचयन, तथा चापाकल और कुओं के किनारे सोख्ता निर्माण जैसी महत्वपूर्ण पहलें शामिल रहीं।
यह पूरा अभियान मिशन मोड में संचालित किया गया, जिसमें जिलाधिकारी के मार्गदर्शन और उप विकास आयुक्त के नेतृत्व में जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, पूर्वी चंपारण ने केंद्रीय भूमिका निभाई। इस प्रक्रिया में डॉ. कुंदन (निदेशक), प्रियंका भारती (जिला मिशन प्रबंधक, जल-जीवन-हरियाली मिशन) और राजेश कुमार (जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, मनरेगा) की सक्रिय भूमिका रही। इनके समन्वित प्रयासों ने जिले को राष्ट्रीय पटल पर विशिष्ट पहचान दिलाई।
सम्मान प्राप्त करने के बाद जिलाधिकारी और उप विकास आयुक्त ने ग्रामीण विकास विभाग सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों, कर्मियों और समस्त जिलेवासियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और इसे सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।