नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज समाहरणालय, औरंगाबाद स्थित सभाकक्ष में जिलाधिकारी श्रीकान्त शास्त्री की अध्यक्षता में तकनीकी विभागों, नीति आयोग तथा SCA, DOC, CSR एवं DMFT योजनाओं की समीक्षात्मक बैठक आहूत की गई। बैठक में जिला पदाधिकारी द्वारा सरकार की महत्वाकांक्षी योजना पंचायत सरकार भवन निर्माण की विस्तृत समीक्षा की गई। इस क्रम में कार्यपालक अभियंता, भवन निर्माण विभाग, भवन प्रमंडल, औरंगाबाद तथा कार्यपालक अभियंता, एल.ए.ई.ओ., औरंगाबाद को निर्देशित किया गया कि निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण रूप से पूर्ण करें।
जिला पदाधिकारी द्वारा कार्यपालक अभियंता, एल.ए.ई.ओ. को आकांक्षी जिला कार्यक्रम तथा डी.एम.एफ.टी. योजनान्तर्गत लंबित योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराने का निदेश दिया गया। कार्यपालक अभियंता, लोक स्वास्थ्य प्रमंडल, औरंगाबाद को सामुदायिक विकास कार्यक्रम के अंतर्गत चापाकलों के अधिष्ठापन कार्य को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया।
कार्यपालक अभियंता, लघु सिंचाई प्रमंडल, औरंगाबाद को आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत चेक डैम निर्माण कार्य को समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया। बिहार महादलित विकास मिशन अंतर्गत सामुदायिक विकास भवन सह वर्कशेड निर्माण कार्य के संबंध में जिला कल्याण पदाधिकारी, औरंगाबाद को कार्यपालक अभियंता, स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, कार्य प्रमंडल, औरंगाबाद से समन्वय स्थापित करते हुए कार्य को पूर्ण कराने हेतु निदेशित किया गया।
अतिरिक्त रूप से, जिला पदाधिकारी द्वारा सभी कार्यकारी एजेंसियों को रॉयल्टी/मालिकाना शुल्क समय पर जमा करने तथा सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर नियमानुसार पूर्ण कराते हुए उपयोगिता प्रमाण-पत्र (U.C.) यथाशीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला योजना पदाधिकारी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (ICDS), जिला कल्याण पदाधिकारी, खनिज विकास पदाधिकारी, डी.पी.एम. (हेल्थ), कार्यपालक अभियंता—स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण संगठन, ग्रामीण कार्य विभाग (औरंगाबाद एवं दाउदनगर), पी.एच.ई.डी., भवन प्रमंडल, पथ निर्माण विभाग, राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल, लघु सिंचाई प्रमंडल, सिंचाई प्रमंडल (दाउदनगर), विद्युत आपूर्ति प्रमंडल (औरंगाबाद एवं दाउदनगर), विद्युत भवन प्रमंडल (गया) तथा उत्तर कोयल नहर प्रमंडल, औरंगाबाद के पदाधिकारी उपस्थित थे।