आईपीएस विकास वैभव की ऐतिहासिक भूमिका को याद करते हुए कही बड़ी बात
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
डेहरी ऑन सोन (रोहतास)। शाहाबाद महोत्सव के दौरान आयोजित सम्मान समारोह में बिहार पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष मृत्युंजय सिंह को कार्यक्रम के संयोजक अखिलेश सिंह द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने महोत्सव के सह–संयोजक संजय पासवान की भी जमकर प्रशंसा की और आयोजन की भव्यता की सराहना की।
सम्मान ग्रहण करने के बाद मृत्युंजय सिंह ने रोहतास जिले में पूर्व पुलिस अधीक्षक वरिष्ठ आईपीएस विकास वैभव के उल्लेखनीय योगदान को याद करते हुए कहा कि जिस दौर में वे रोहतास के एसपी थे, उस समय कैमूर पहाड़ी क्षेत्र में उग्रवाद चरम पर था और आम लोगों के लिए रोहतास किले और पहाड़ी क्षेत्र तक पहुंचना अत्यंत जोखिम भरा था। उन्होंने कहा कि आईपीएस विकास वैभव ने पुलिस-पब्लिक मैत्री मॉडल को स्थापित करते हुए समाज के भटके हुए युवाओं से संवाद किया और उन्हें मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित किया।
उनके नेतृत्व में पुलिस ने न केवल उग्रवाद को निर्णायक रूप से कमजोर किया बल्कि रोहतास किले और पहाड़ी क्षेत्र में वर्षों से बंद सुरक्षा व विकास के रास्तों को फिर से खोला। उन्होंने यह भी कहा कि अपने कार्यकाल में सोन महोत्सव के तहत कैमूर पहाड़ी पर कई ऐतिहासिक कार्यक्रमों का आयोजन कर उन्होंने क्षेत्र की सकारात्मक पहचान को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया।
मृत्युंजय सिंह अध्यक्ष पुलिस मेस एसोशिएशन ने अपने सेवा काल में एसटीएफ में पोस्टिंग के दौरान बिहार के 14 ईनामी अपराधियों के इनकाउंटर में अहम भूमिका निभाने पर राष्ट्रपति वीरता पदक से 2015 में सम्मानित हुए है। पुस्तक लिख कर साहित्कार के रूप में भी एक अलग पहचान बनाये है। लगातार सोलह वर्षों से बिहार पुलिस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष है।