पूर्व सांसद किशोरी सिन्हा की प्रतिमा का किया गया अनावरण
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। औरंगाबाद के किशोरी सिन्हा महिला महाविद्यालय में शुक्रवार को पूर्व सांसद स्मृति शेष किशोरी सिन्हा की प्रतिमा का अनावरण केरल एवं नागालैंड के पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार, बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह और मगध विश्वविद्यालय बोधगया के कुलपति प्रो (डॉ) शशि प्रताप शाही द्वारा किया गया।

इस दौरान पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार ने कहा कि किशोरी सिन्हा उनकी माता जरूर थीं लेकिन उनका पूरा जीवन गरीबों तथा जरूरतमंदों की सेवा में समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि किशोरी सिन्हा बालिका शिक्षा के प्रति ज्यादा जागरूक थीं और वह इसके लिए बालिकाओं-महिलाओं को हमेशा प्रेरित करती थी। श्री कुमार ने कहा कि किशोरी सिन्हा 1980 में वैशाली निर्वाचन क्षेत्र से संसद सदस्य चुनी गईं। इस निर्वाचन क्षेत्र से चुनी जाने वाली वे पहली महिला बनीं। 1984 में वे पुनः निर्वाचित हुईं। उन्हें महिलाओं, अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों तथा अल्पसंख्यक समुदाय के उत्थान में विशेष रुचि थी।

गौरतलब है कि स्मृति शेष किशोरी सिन्हा बिहार विभूति अनुग्रह नारायण सिन्हा की पुत्रवधू और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सत्येंद्र नारायण सिंह की धर्मपत्नी थी ।
सभापति अवधेश नारायण सिंह ने कहा कि किशोरी सिन्हा की आज अनावरित होने वाली प्रतिमा बालिकाओं-महिलाओं को प्रेरित करती रहेगी। श्री सिंह ने कहा कि किशोरी सिन्हा राजनीतिक जीवन में होने के बावजूद शिक्षा के क्षेत्र में उन्होंने काफी बेहतरीन कार्य किया था जिसका परिणाम है कि आज लोग उन्हें सम्मान के साथ याद करते हैं।

कुलपति ने कहा कि जिनके नाम पर कॉलेज है उनकी प्रतिमा का अनावरण होना बहुत ही गौरव की बात है। मेरे पास एक साल पूर्व प्रतिमा लगाने के लिए प्रस्ताव आया था जिसकी सहमति मैंने दी थी और आज यह अनावरण समारोह आयोजित किया गया है।
मौके पर एमएलसी दिलीप कुमार सिंह, सदर विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, प्रभारी प्राचार्य डॉ अरुणजय कुमार सिंह, सिन्हा कॉलेज के प्राचार्य डॉ सुधीर कुमार मिश्रा, डॉ राहुल तिवारी, डॉ कुंदन कुमार पासवान, डॉ प्रभात कुमार, अनुराग सिंह, प्रो अखिलेश सिंह, डॉ अमित राहुल, डॉ अभिजीत घोष आदि मौजूद रहे।