औरंगाबाद के आईडीटीआर में 19 महिलाओं को दिया जा रहा पिंक बस चलाने के लिए प्रशिक्षण
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। बिहार के परिवहन एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने आज औरंगाबाद के आईडीटीआर में पिंक बसों की महिला चालकों के उत्साहवर्धन सह प्रोत्साहन कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर परिवहन मंत्री श्री कुमार ने कहा कि बिहार सरकार महिला यात्रियों की सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठा रही है और इस दिशा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पहल पर पूरे राज्य में 100 पिंक बसों का संचालन किया जा रहा है। इन पिंक बसों में सिर्फ महिला यात्री ही यात्रा कर सकती हैं और इस बस के सभी कर्मचारी महिलाएं ही होंगी।

इन बसों में चालक और कंडक्टर भी महिला रखने के लिए अधिकारियों को कहा गया था जिसके बाद 2025 में नई सरकार के शपथ ग्रहण के 1 माह के अंदर ही 19 बेटियों को पिंक बस के चालक के रूप में औरंगाबाद के आईडीटीआर में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह सभी महिला चालक यहां पर एक माह का प्रशिक्षण प्राप्त कर विभिन्न जिलों में पिंक बस चलाएंगी। कार्यक्रम में परिवहन मंत्री ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही सभी महिला चालकों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया। मंत्री ने महिला चालक के साथ पिंक बस में बैठकर सफर भी किया।

कार्यक्रम को जदयू विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने भी संबोधित करते हुए कहा कि हमें गर्व होता है कि हमारी सरकार ने महिलाओं के लिए कई योजनाएं चला रखी हैं। सभी सरकारी नौकरियों या संस्थानों मे 35 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी सरकार ने सुनिश्चित की है जो प्रशंसा के योग्य है।

श्री सिंह ने कहा कि बिहार के लिए गौरव की बात है कि बिहार सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए इतना बड़ा कदम उठाया है और उनके सशक्तिकरण के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। अभी हाल ही में एक करोड़ 56 लाख जीविका दीदीयों के खाते में 10000 रुपये की राशि भेज कर सरकार ने उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। इस पहल के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और एनडीए सरकार बधाई के पात्र हैं। वहीं विधायक ने परिवहन मंत्री को औरंगाबाद में महिलाओं के बस चलाने के लिए दिए जा रहे प्रशिक्षण को प्रोत्साहन देने के लिए बधाई दी।

मौके पर बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के मुख्य प्रशासन सुभाष नारायण, जिला परिवहन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी, पिंक बस की नोडल पदाधिकारी ममता कुमारी, आईडीटीआर के प्रशिक्षक गौरव, अभिषेक, विद्यासागर, रितेश आदि मौजूद थे।