बिहार विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण कराने के लिए मिला प्रशस्ति पत्र
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाने और चुनावी व्यवस्था में प्रभावी प्रबंधन के लिए मसौढी अनुमंडल के एसडीएम सह निर्वाची पदाधिकारी अभिषेक कुमार को मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत के हाथो से राज्य स्तरीय बेस्ट इलेक्टोरल प्रैक्टिसेस अवार्ड से सम्मानित किया गया। इसके अलावा 10 हजार का चेक भी प्रदान किया गया।यह सम्मान 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर 25 जनवरी को पटना स्थित अधिवेशन भवन में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में प्रदान किया गया।
अनुमंडल स्तर पर मतदाता जागरूकता को बढ़ाने, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से चुनाव संपन्न कराने तथा मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि के लिए किए गए अभिनव प्रयासों को राज्य स्तर पर सराहा गया है। विशेष रूप से नए मतदाताओं को जोड़ने, मतदान के प्रति लोगों में विश्वास पैदा करने और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण माना गया है। चुनावी प्रक्रिया को सरल, सुचारु और भरोसेमंद बनाने के लिए अपनाए गए नवाचारों के कारण मसौढी अनुमंडल राज्य में एक उदाहरण के रूप में उभरा है।
इस उपलब्धि से न केवल प्रशासनिक महकमे में खुशी का माहौल है, बल्कि क्षेत्र के मतदाताओं में भी गर्व की भावना देखी जा रही है। इस सम्मान को मसौढी के लिए एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। बहरहाल बिहार विधानसभा चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान विशेष रूप से बिहार विधानसभा क्षेत्र संख्या 189 मसौढी में शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए प्रशस्ति पत्र देकर प्रदान किया गया।
सम्मान मिलने के बाद एसडीएम अभिषेक कुमार ने बताया कि यह उपलब्धि केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि मसौढी की जागरूक जनता, पुलिस प्रशासन और चुनाव से जुड़े सभी कर्मियों व अधिकारियों के सामूहिक सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सबसे बड़ी चुनौती होती है, जिसे जनता के सहयोग और प्रशासनिक सतर्कता से शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न किया गया।