नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। गणतंत्र दिवस के अवसर पर बी.डी. कॉलेज, पटना की प्राचार्या प्रो. रत्ना अमृत ने ध्वजारोहण किया और अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा कि “बी.डी. कॉलेज को पटना का सर्वश्रेष्ठ कॉलेज बनाना मेरा लक्ष्य है।” उन्होंने सरकार की “न्याय के साथ विकास” की अवधारणा को रेखांकित करते हुए सभी शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों से अपने-अपने स्थान से कर्तव्य निभाने और योगदान देने का आह्वान किया।
प्राचार्या ने विशेष रूप से कॉलेज की पर्यावरणीय पहलों पर बल दिया। Breda द्वारा लगाए गए सोलर पैनल से बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई है, जिससे ऊर्जा संरक्षण और स्वावलंबन की दिशा में कॉलेज ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। वर्मी कम्पोस्ट यूनिट से स्थानीय समुदाय लाभान्वित हो रहा है और जैविक अपशिष्ट का उपयोग पर्यावरण हितैषी तरीके से किया जा रहा है। MSTC के साथ हुए MOU से कचरे का पारदर्शी और त्वरित निपटान संभव हुआ है, जो सतत विकास की दिशा में कॉलेज की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उन्होंने बताया कि NSS और NCC यूनिट भी पर्यावरण जागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं। राष्ट्रीय परेड में चयन से लेकर अन्य गतिविधियों तक NCC ने अपनी उपलब्धियाँ दर्ज कराई हैं। पाँचवें सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने बापू टॉवर और बिहार सरकार के विभिन्न विभागों में सफलतापूर्वक इंटर्नशिप पूरी की है, जो कॉलेज की शैक्षणिक गुणवत्ता और सामाजिक जुड़ाव का प्रमाण है। इसी क्रम में बी.डी. कॉलेज मेमोरियल लेक्चर की शुरुआत भी हुई, जिसने शैक्षणिक और सांस्कृतिक वातावरण को नई दिशा दी।
ध्वजारोहण के बाद कॉलेज की सांस्कृतिक समिति ने देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत एक आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत गाकर और नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को भावनाओं से भर दिया। इस प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया तथा गणतंत्र दिवस की गरिमा को और भी ऊँचा कर दिया।
अंत में प्रो. रत्ना अमृत ने कहा कि हम सब मिलकर बी.डी. कॉलेज को उत्कृष्टता की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएँगे। यह संस्थान शिक्षा, संस्कृति और पर्यावरणीय उत्तरदायित्व का आदर्श बनेगा।