नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। चास नगर निगम चुनाव में मेयर पद को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। समाजसेवी गोपाल मुरारका ने चास एसडीएम कार्यालय में विधिवत रूप से मेयर पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। उनका नामांकन कार्यक्रम काफी भव्य और उत्साहपूर्ण रहा, जिसमें शहर के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में उनके समर्थक, शुभचिंतक और आम नागरिक शामिल हुए।

नामांकन से पहले गोपाल मुरारका ने शमशान घाट स्थित काली मंदिर में पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया, जिसके बाद वे जुलूस के रूप में एसडीएम कार्यालय पहुंचे। इस दौरान समर्थकों में जबरदस्त जोश देखा गया। ढोल-नगाड़ों, नारों और फूल-मालाओं के साथ उनका स्वागत किया गया। कई लोगों ने उन्हें साफ-सुथरी छवि और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक बताया।

मीडिया से बातचीत में गोपाल मुरारका ने नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अपनी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की बातें अक्सर सुनने को मिलती हैं, लेकिन वास्तविकता तभी समझ में आती है जब व्यक्ति खुद उस जिम्मेदारी के पद पर पहुंचे। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी भी परिस्थिति में भ्रष्टाचार का हिस्सा नहीं बनेंगे और पारदर्शी प्रशासन देने का प्रयास करेंगे।
गोपाल मुरारका ने बताया कि वे पिछले 30 वर्षों से लगातार समाज सेवा से जुड़े रहे हैं। जरूरतमंदों की मदद, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कार्यों में उनका सक्रिय योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा से उनके पास अपनी आजीविका के लिए पर्याप्त संसाधन हैं, इसलिए वे स्वार्थ नहीं बल्कि सेवा भाव से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान करना है।
उन्होंने नगर निगम क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं की ओर भी ध्यान दिलाया। उनके अनुसार सड़क, पानी और सफाई शहर की सबसे ज्वलंत समस्याएं हैं, जिन्हें दूर करना असंभव नहीं है। इसके लिए केवल मजबूत इच्छाशक्ति और ईमानदार प्रशासन की जरूरत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यदि वे मेयर बने तो इन बुनियादी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देंगे।