नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। धनबाद नगर निगम चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। झरिया से पूर्व विधायक संजीव सिंह ने महापौर पद के लिए नामांकन करने की घोषणा कर दी है।
अपने आवास सिंह मेंसन पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उन्होंने बताया कि वे बुधवार को अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करेंगे। वहीं, भाजपा द्वारा महापौर के लिए संजीव अग्रवाल को समर्थन दिए जाने के सवाल पर पूर्व विधायक संजीव सिंह ने कहा कि यह चुनाव दलगत आधार पर नहीं हो रहा है, इसलिए कोई भी अपनी दावेदारी पेश कर सकता है और इसका अंतिम फैसला जनता करेगी।
उधर नामांकन के अंतिम दिन आज भाजपा समर्थित उम्मीदवार संजीव अग्रवाल के भी नामांकन करने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में दोनों दावेदारों और पूर्व महापौर चंद्रशेखर अग्रवाल के मैदान में उतरने से धनबाद नगर निगम महापौर पद का चुनाव काफी दिलचस्प हो गया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि संजीव सिंह के चुनावी मैदान में आने से मुकाबला काफी रोचक हो गया है, वहीं आने वाले दिनों में चुनावी समीकरण और स्पष्ट होंगे।