नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। बेरमो अनुमंडल के गोमिया प्रखंड अंतर्गत बड़कीपुन्नू करमाली टोला में आज तड़के हाथी के हमले में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनकी गोतनी शामिल हैं। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
मृतकों की पहचान गंगा करमाली, उनकी पत्नी कमली देवी एवं गोतनी भागिया देवी के रूप में की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अहले सुबह जंगली हाथी गांव में घुस आया और लोगों पर हमला कर दिया। हमले में तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं ग्रामीणों ने हाथियों की बढ़ती आवाजाही पर रोक लगाने और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है। खबर है कि आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया है। प्रशासन द्वारा क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है।