एक युवती को जबरन गाड़ी में बैठाने के प्रयास के बाद नगर में भय का माहौल
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
बोकारो। बोकारो स्टील सिटी में इन दिनों खासकर रात को पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारी स्वयं वाहन जांच में जुटे हुए है। विदित हो कि बोकारो स्टील सिटी में इन दिनों भय का माहौल बना हुआ है। पिछले 15 दिनों में घर से गायब दो महिलाओं का पुलिस ने शव बरामद किया, जबकि सेक्टर 12 से बाजार जाने की कह कर घर से निकली महिला रिंकू देवी का अभी तक पुलिस पता नहीं लगा पाई है।

इसी बीच दो दिन पूर्व नगर के मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम के निकट एक काली रंग की गाड़ी जिस पर प्रेस लिखा था, जिसमें तीन महिलाएं सवार थीं। उन महिलाओं ने स्टेडियम के पास से पैदल गुजर रही युवती को घर छोड़ देने की बात कह गाड़ी में बैठाने की कोशिश की। युवती के मोबाइल पर उसी वक्त कॉल आ जाने के बाद वह संदिग्ध गाड़ी तेजी से आगे बढ़ गई। पुलिस उस गाड़ी की भी तलाश में जुटी हुई है।
इन घटनाओं के बाद बोकारो में तरह तरह की चर्चा है। महिलाओं और युवतियों ने भय व्याप्त है। इस बीच अंधेरा होते ही नगर में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। चौक चौराहों पर वाहन जांच की जा रही है। सिटी डीएसपी आलोक रंजन नगर वासियों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। उन्होंने कहा, भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। संदिग्ध वाहन व व्यक्ति की जानकारी पुलिस को देने की अपील की है।