राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” अंतर्गत मिनी मैराथन/वॉकथॉन का आयोजन
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निदेशानुसार “बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ” अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर जिले में बालिकाओं एवं महिलाओं को सशक्त बनाने तथा सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जन-जागरूकता फैलाने हेतु मिनी मैराथन/वॉकथॉन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन डीपीओ, आईसीडीएस विनीता कुमारी के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए महाराणा प्रताप चौक से समाहरणालय परिसर तक पैदल मार्च/वॉकथॉन में सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा हाथों में तख्तियाँ लेकर समाज को जागरूक करने वाले प्रेरक नारे लगाए गए। छात्राओं ने— “सशक्त महिला, सशक्त बिहार”, “हिंसा सहेंगे नहीं, चुप्पी तोड़ेंगे”, “आओ मिलकर बढ़ाये कदम, दहेज ना लेंगे ठान ले हम”, “बिटिया मेरी अभी पढ़ेगी, दहेज के सूली पर नहीं चढ़ेगी”, “बेटी कुदरत का उपहार, अब ना करो उसका तिरस्कार”, “आओ सब मिलकर बात करें, बंद हो दहेज शुरुआत करें”, “बेटी पढ़ना फर्ज है, बेटी में क्या हर्ज है” जैसे संदेशों के माध्यम से दहेज प्रथा, बाल विवाह एवं महिलाओं के प्रति हिंसा के विरुद्ध जनमानस को जागरूक किया।

रैली के समाहरणालय परिसर पहुंचने के उपरांत डीपीओ, आईसीडीएस द्वारा सभी छात्राओं को बाल विवाह मुक्त अभियान के तहत शपथ दिलाई गई। शपथ के माध्यम से बाल विवाह को रोकने, बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने, दहेज जैसी कुप्रथा के विरुद्ध जागरूकता फैलाने तथा महिलाओं के सम्मान एवं सुरक्षा के लिए सतत प्रयास करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता, बालिका शिक्षा, बाल विवाह उन्मूलन तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जन-जागरूकता को और अधिक मजबूत करना रहा।

इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी कुमार पप्पू राज, जिला मिशन समन्वयक मिथिलेश कुमार, विभिन्न विद्यालयों की छात्राएँ, महिलाओं एवं अन्य प्रतिभागियों की सक्रिय भागीदारी रही।