दो दिवसीय उमंगेश्वरी महोत्सव–2026 का भव्य शुभारंभ
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज मदनपुर प्रखंड अंतर्गत उमगा में पर्यटन विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन, औरंगाबाद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय उमंगेश्वरी महोत्सव–2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार गीत के सामूहिक गायन से हुआ। तत्पश्चात महोत्सव का विधिवत उद्घाटन मंत्री, लघु जल संसाधन विभाग, बिहार सरकार-सह-प्रभारी मंत्री, औरंगाबाद डॉ संतोष कुमार सुमन, विधायक, कुटुंबा ललन राम, विधायक, रफीगंज प्रमोद कुमार सिंह, विधायिका, गया (बाराचट्टी) ज्योति देवी, जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा प्रभारी मंत्री को पौधा, शाल एवं उमगा मंदिर का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारियों द्वारा विधायकगण एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों को पौधा, शाल एवं उमगा का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं द्वारा स्वागत गान प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया गया तथा सदर अनुमंडल पदाधिकारी संतन कुमार सिंह द्वारा स्वागत अभिभाषण के माध्यम से कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत किया गया।

प्रभारी मंत्री डॉ संतोष कुमार सुमन ने अपने संबोधन में कहा कि उमगा क्षेत्र धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार की मंशा है कि राज्य की धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों का समुचित विकास कर पर्यटन को बढ़ावा दिया जाए, जिससे देश-दुनिया से पर्यटक यहाँ आएँ, आर्थिक गतिविधियाँ बढ़ें तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित हों। उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य सरकार पर्यटन के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है तथा इस दिशा में पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

विधायक, रफीगंज प्रमोद कुमार सिंह ने अपने संबोधन में मदनपुर क्षेत्र के समग्र विकास हेतु आवश्यक कार्यों एवं प्राथमिकताओं पर अपने विचार रखते हुए कहा कि क्षेत्र के धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा क्षेत्र की पहचान और सुदृढ़ होगी। उन्होंने मदनपुर क्षेत्र में आधारभूत संरचना, सड़क, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं जनसुविधाओं के विस्तार पर विशेष बल दिया तथा संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देने की आवश्यकता बताई।

जिला पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि मदनपुर की पावन धरती पर आयोजित उमंगेश्वरी महोत्सव न केवल धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन है, बल्कि यह हमारी समृद्ध परंपराओं, लोक संस्कृति, आस्था एवं सामाजिक समरसता का जीवंत प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्राचीन उमगा सूर्यमंदिर ऐतिहासिक एवं स्थापत्य धरोहर का अनुपम उदाहरण है तथा उमंगेश्वरी मंदिर क्षेत्र की सांस्कृतिक समृद्धि एवं गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि पर्यटन विभाग द्वारा मंदिर परिसर के सौंदर्यीकरण, श्रद्धालुओं के लिए विश्राम गृह, पेयजल सुविधा तथा मुख्य सड़क से मंदिर तक पहुँच मार्ग के सुदृढ़ीकरण जैसी योजनाएँ स्वीकृत की गई हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि जल-जीवन-हरियाली अभियान के अंतर्गत मंदिर के आसपास की पहाड़ियों एवं जल निकायों के जीर्णोद्धार का कार्य प्रगति पर है तथा मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना के तहत उमगा मंदिर की ओर जाने वाले मार्गों एवं मदनपुर की पंचायतों में सोलर लाइट लगाने का कार्य किया जा रहा है। सात निश्चय योजना के अंतर्गत ‘हर खेत तक सिंचाई का पानी’ पहुँचाने हेतु मदनपुर के पहाड़ी क्षेत्रों में चेक डैम निर्माण की प्रक्रिया भी संचालित है। साथ ही वन विभाग द्वारा मदनपुर क्षेत्र में नेचर ट्रेल विकसित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है, जिससे ट्रैकिंग के शौकीन युवाओं को आकर्षित किया जा सके।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि पर्यटन विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन, औरंगाबाद के संयुक्त तत्वावधान में वर्ष 2016 से प्रतिवर्ष उमगा में उमंगेश्वरी महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य इस स्थल की महत्ता को व्यापक पहचान दिलाना तथा क्षेत्र के पर्यटन विकास को गति प्रदान करना है। उन्होंने महोत्सव से जुड़े समस्त लोगों को बधाई देते हुए कहा कि यह आयोजन नई चेतना एवं प्रेरणा के साथ समाज को प्रगति के पथ पर अग्रसर करेगा तथा क्षेत्र के चतुर्दिक विकास में सहायक सिद्ध होगा।

महोत्सव के दौरान बॉलीवुड की सुप्रसिद्ध गायिका ऐश्वर्या पंडित द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनका उपस्थित ग्रामीणों एवं दर्शकों ने भरपूर आनंद लिया।

उक्त कार्यक्रम में अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, अपर समाहर्ता विशेष शाखा मोहम्मद सादुल हसन खाँ, अपर समाहर्ता आपदा उपेंद्र पंडित, सदर एसडीओ संतन कुमार सिंह, वरीय उपसमाहर्ता रितेश कुमार यादव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी कुमार पप्पू राज, प्रखंड विकास पदाधिकारी मदनपुर, अंचल अधिकारी मदनपुर सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।