मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, बिहार सर्किल ने औरंगाबाद डाक प्रमंडल का किया क्षेत्रीय दौरा
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आज मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, बिहार सर्किल एम. यू. अब्दाली द्वारा औरंगाबाद डाक प्रमंडल के अंतर्गत चयनित शाखा डाकघरों का Expenditure Coverage Ratio (ECR) Review के संदर्भ में क्षेत्रीय दौरा किया गया। इस अवसर पर भरथौली शरीफ शाखा डाकघर में आसपास के कुल 16 शाखा डाकघरों के शाखा डाकपालों एवं संबंधित कर्मियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

समीक्षा बैठक में मुख्य पोस्टमास्टर जनरल ने शाखा डाकघरों की वित्तीय स्थिति, व्यवसायिक प्रदर्शन एवं सेवाओं की गुणवत्ता का बारीकी से आकलन किया। उन्होंने सभी शाखा डाकघरों को नए बचत खाते खोलने, आवर्ती जमा (RD), सावधि जमा (TD), सुकन्या समृद्धि खाता, वरिष्ठ नागरिक बचत योजना सहित अन्य लघु बचत योजनाओं के प्रसार पर विशेष जोर दिया। साथ ही डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा के व्यवसाय को बढ़ाकर ECR में सुधार करने और प्रत्येक शाखा डाकघर को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य निर्धारित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि डाकघर केवल बचत एवं बीमा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल एवं वित्तीय समावेशन का प्रमुख माध्यम है। इस क्रम में इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB) के माध्यम से DBT भुगतान, आधार आधारित बैंकिंग सेवाएं (AePS), नकद जमा-निकासी, बिल भुगतान एवं डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया, ताकि ग्रामीण उपभोक्ताओं को उनके घर के समीप ही आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
बैठक के दौरान बाल आधार नामांकन एवं अद्यतन, आधार सेवाओं के विस्तार, स्पीड पोस्ट एवं पार्सल सेवाओं के प्रचार-प्रसार, ई-कॉमर्स डिलीवरी, तथा ग्राहक संतुष्टि बढ़ाने के लिए समयबद्ध एवं पारदर्शी सेवा प्रदान करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी कर्मियों से अपेक्षा की कि वे “डाकघर आपके द्वार” की भावना के साथ जनसंपर्क बढ़ाएं और प्रत्येक गांव में बचत, बीमा एवं डिजिटल सेवाओं के प्रति जागरूकता अभियान चलाएं।
मुख्य पोस्टमास्टर जनरल ने यह भी कहा कि शाखा डाकघर ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और इनकी मजबूती से ही डाक विभाग की सेवाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती हैं। उन्होंने सभी शाखा डाकपालों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए मार्च माह तक निर्धारित वार्षिक लक्ष्यों को पूर्ण करने का आह्वान किया। समीक्षा के अंत में उपस्थित सभी शाखा डाकघरों ने आश्वासन दिया कि वे नए व्यवसाय सृजन, गुणवत्तापूर्ण सेवा एवं जनजागरूकता के माध्यम से इस वित्तीय वर्ष के लक्ष्य को समय सीमा के भीतर प्राप्त करेंगे।
मौके पर औरंगाबाद डाक प्रमंडल के डाक अधीक्षक प्रिय रंजन समेत अन्य मौजूद रहे।