नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। गोह प्रखंड परिसर रविवार को ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बना, जब प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी एवं बिहार सरकार के पूर्व मंत्री स्वर्गीय रामविलास शर्मा की राजकीय जयंती समारोह भव्य रूप से आयोजित की गई। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में औरंगाबाद के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह शामिल हुए। कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और आम नागरिकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। स्व. शर्मा की आदमकद प्रतिमा को फूल-मालाओं से सजाया गया।

पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए और दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया। इसके बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि स्व. राम विलास शर्मा का जीवन त्याग, तपस्या और जनसेवा का अद्भुत उदाहरण है। स्वतंत्रता संग्राम में उनकी सक्रिय भागीदारी और बाद में मंत्री पद पर रहते हुए जनहित में किए गए कार्य आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि आज जब देश आत्मनिर्भरता और विकास के पथ पर अग्रसर है, तब ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों को याद करना और उन्हें जीवन में उतारना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज के उत्थान में अपनी भूमिका निभाएं।

समारोह में कई स्थानीय नेताओं और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने स्व. शर्मा के सादगीपूर्ण जीवन, संघर्षशील व्यक्तित्व और जनसमर्पण की भावना को याद करते हुए उन्हें सच्चा जननायक बताया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा, जिससे गोह प्रखंड परिसर देशभक्ति की भावना से सराबोर हो उठा।