“4 माह का ट्रांसफॉर्मर रिपेयर एवं मेंटेनेंस प्रशिक्षण कार्यक्रम, 20 आईटीआई युवाओं को जमशेदपुर के लिए किया गया रवाना”
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
पतरातू (रामगढ़)। पतरातू विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (पीवीयूएनएल) द्वारा कौशल विकास एवं ग्रामीण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। इस क्रम में आज आसपास के गांवों एवं रामगढ़ जिले से चयनित 20 आईटीआई प्रशिक्षित युवाओं के प्रथम बैच को जमशेदपुर स्थित जेएन टाटा वोकेशनल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट में आयोजित 4 माह के आवासीय ट्रांसफॉर्मर रिपेयर एवं मेंटेनेंस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए पतरातू से रवाना किया गया। आने वाले समय में ऐसे और प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को लाभ मिल सके।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित गणमान्य अतिथियों में सीईओ पीवीयूएनएल ए.के. सहगल, जीएम (ओ एंड एम) मनीष खेतरपाल, जीएम (मेंटेनेंस) ओ.पी. सोलंकी एवं हेड ऑफ एचआर जियाउर रहमान शामिल रहे। यह कार्यक्रम आज 31 मार्च को आयोजित किया गया, जिसमें चयनित प्रशिक्षुओं को पीवीयूएनएल के एनएसबी प्रशिक्षण केंद्र से जमशेदपुर के लिए रवाना किया गया।

इस अवसर पर युवाओं को प्रशिक्षण के दौरान प्रदान किए जाने वाले सेफ्टी कोर्स, तकनीकी कौशल एवं व्यावहारिक ज्ञान के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, सीईओ श्री सहगल जी ने बताया कि प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रत्येक प्रशिक्षु को प्रतिमाह स्टाइपेंड प्रदान किया जाएगा, जिससे वे अपने प्रशिक्षण के दौरान होने वाले खर्चों को वहन कर सकें।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं के कौशल को उन्नत करना तथा उन्हें स्वरोजगार के अवसर प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाना है।
कार्यक्रम के अंत में सभी चयनित युवाओं को उत्साह एवं शुभकामनाओं के साथ बस द्वारा जमशेदपुर के लिए रवाना किया गया।