नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव तान्या पटेल के प्रकोष्ठ में आगामी 09 मई को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी लाल बिहारी पासवान की अध्यक्षता में न्यायिक पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी दीवान फहद खान, संदीप कुमार सिंह, प्रदीप चंद्रा, अनुमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी अनीस कुमार, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी अभय सिंह, प्रेरणा सिंह, कुमार अभिजीत राय, सूरज प्रकाश एवं गीतांजलि सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
सचिव तान्या पटेल द्वारा न्यायिक पदाधिकारियों के समक्ष लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों के निस्तारण के लिए कार्ययोजना प्रस्तुत की गई। उन्होंने बताया कि इस बार राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन हेतु समय कम है, इसलिए सभी आवश्यक कार्यों को शीघ्रता से पूरा करना होगा।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी ने सभी न्यायिक पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने न्यायालयों में लंबित सुलहनीय वादों को चिन्हित कर संबंधित पक्षकारों को नोटिस जारी करें तथा इसकी अद्यतन जानकारी शीघ्र प्राधिकार को उपलब्ध कराएं। इससे समय रहते पक्षकारों की प्री-काउंसलिंग कर अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन संभव हो सकेगा।
बैठक में उपस्थित सभी न्यायिक पदाधिकारियों ने अपने-अपने न्यायालयों से संबंधित वादों की सूची शीघ्र उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
ज्ञात हो कि 09 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर प्राधिकार द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
सचिव ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत सुलह के आधार पर वादों के त्वरित निस्तारण का एक सशक्त माध्यम है, जिससे आम जनता को शीघ्र न्याय मिलता है। उन्होंने आम जन से अपील की कि वे 09 मई को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
साथ ही, जो भी व्यक्ति अपने सुलहनीय वाद का निस्तारण लोक अदालत में कराना चाहते हैं, वे किसी भी कार्य दिवस में जिला विधिक सेवा प्राधिकार में उपस्थित होकर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।