नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत एकलव्य राज्य आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्र में प्रशिक्षुओं के चयन को लेकर इंडोर स्टेडियम, औरंगाबाद में बैडमिंटन खेल विधा की चयन ट्रायल प्रतियोगिता आयोजित की गई। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के निर्देश के आलोक में बालक एवं बालिका वर्ग में प्रतिभागिता सुनिश्चित कराई गई।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए पूर्व से ही सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। चयन ट्रायल में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बिहार के विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों में बालक वर्ग में 24 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जबकि बालिका वर्ग में तृषा वर्मा, अंजली कुमारी एवं आंशिका कुमारी ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
आयोजन के दौरान संबंधित पदाधिकारी एवं शारीरिक शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं और चयन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया। प्रतियोगिता के उपरांत चयनित खिलाड़ियों की सूची तैयार कर प्रमाण पत्र नियमानुसार अग्रसारित किया गया।
जिला खेल पदाधिकारी कुमार पप्पू राज ने बताया कि इस चयन ट्रायल का उद्देश्य प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें एकलव्य राज्य आवासीय खेल प्रशिक्षण केंद्र में बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है, ताकि वे आगे चलकर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें और अपने क्षेत्र, जिले तथा राज्य का नाम रौशन करें।
इस अवसर पर बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के बैडमिंटन कोच निशांत कुमार, एकलव्य बैडमिंटन प्रशिक्षक सुभाष कुमार पंजियार, अमरनाथ सिंह, रविशंकर कुमार, राजू पासवान, संतन कुमार, अजय कुमार, भूषण एवं पूजा कुमारी सहित अन्य उपस्थित रहे।