नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव तान्या पटेल ने शुक्रवार को अनुमण्डलीय कारा, दाउदनगर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक अमित कुमार राय भी उपस्थित रहे।
सचिव ने कारा के सभी वार्डों का गहन निरीक्षण करते हुए बंदियों की स्थिति और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कैदियों से सीधे संवाद कर उनकी परेशानियों को सुना और मौके पर ही कई समस्याओं के समाधान के लिए जेल अधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में सचिव ने बंदियों से उनके जमानत और अधिवक्ता से संबंधित जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जो कैदी निजी अधिवक्ता रखने में सक्षम नहीं हैं, वे जेल में प्रतिनियुक्त अधिवक्ता या कारा प्रशासन के माध्यम से जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क करें, ताकि उन्हें निःशुल्क पैनल अधिवक्ता की सुविधा तत्काल उपलब्ध कराई जा सके।
सचिव ने जेल की साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए नियमित स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी लू के मौसम को देखते हुए पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जेल में परोसे जाने वाले भोजन को निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण बनाए रखने पर भी जोर दिया, ताकि बंदियों में असंतोष न फैले और उन्हें किसी प्रकार की भोजनजनित बीमारी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान कुछ ऐसे बंदी भी मिले, जिन्हें विधिक सहायता की आवश्यकता थी। इस पर सचिव ने तत्काल पैनल अधिवक्ता उपलब्ध कराने के लिए अग्रिम कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने कारा प्रशासन को निर्देशित किया कि नए आने वाले बंदियों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों की पूरी जानकारी दी जाए, साथ ही उन्हें यह भी बताया जाए कि आवश्यकता पड़ने पर विधिक सहायता किस प्रकार प्राप्त की जा सकती है।