महिला आरक्षण लागू नहीं होने पर भाजपा महिला नेताओं का विपक्ष पर तीखा हमला
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। महिला आरक्षण के वास्तविक रूप से लागू नहीं हो पाने के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी की महिला नेताओं ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। रविवार को औरंगाबाद शहर के होटल शुभम इंटरनेशनल में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा की प्रदेश मंत्री पूनम रविदास ने कहा कि महिलाओं को लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण दिलाने की दिशा में केंद्र सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है, लेकिन विपक्षी दल लगातार इसमें बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। वर्ष 2023 में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के रूप में महिला आरक्षण कानून पारित कराया गया, जो महिलाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम था। इसके बावजूद विपक्ष इस मुद्दे पर भ्रम फैलाकर महिलाओं को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा में हाल ही में महिला आरक्षण को शीघ्र लागू करने से जुड़े संवैधानिक संशोधन विधेयक पर विपक्ष ने समर्थन नहीं दिया, जिसके कारण यह आवश्यक बहुमत प्राप्त नहीं कर सका। उनका कहना था कि विपक्ष सार्वजनिक मंचों पर महिला अधिकारों की बात करता है, लेकिन संसद में उनका वास्तविक चेहरा सामने आ जाता है।
प्रदेश मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और राजनीतिक भागीदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उज्ज्वला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मातृत्व लाभ योजनाएं और महिला आरक्षण कानून जैसे कदम इसका प्रमाण हैं।
उन्होंने विपक्ष से आग्रह किया कि वह महिला सशक्तिकरण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर राजनीति न करे और महिलाओं के हित में सकारात्मक सहयोग दे। भाजपा नेताओं ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में महिला आरक्षण पूरी तरह लागू होगा और देश की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी और अधिक मजबूत होगी।
मौके पर नारी शक्ति वंदन की संयोजक गुड़िया सिंह, उषा सिंह, पूजा सिंह, मिंटू कुमारी, गुड़िया सिंह, रेखा सिंह, पूजा सिंह आदि मौजूद रहीं।