नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
रांची। टेंडर घोटाला मामले में गिरफ्तार पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम आज बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा से जमानत पर रिहा हुए। सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद रांची स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा से बाहर आए। उत्साहित समर्थकों ने आलमगीर आलम के वाहन पर पुष्प वर्षा की। जेल से बाहर निकलने पर अपने काफिले के साथ आलमगीर आलम रांची के धुर्वा स्थित आवास पहुंचे।
इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और राज्य की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह समेत बड़ी संख्या में पार्टी के नेता कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे।
पत्रकारों से बातचीत में आलमगीर आलम ने जमानत मिलने पर न्यायालय का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि सत्य की हमेशा जीत होती है। उन्हें न्यायालय की पूरी प्रक्रिया पर भरोसा है। आलमगीर आलम ने कहा कि आगे भी सत्य की जीत होगी।