नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दाउदनगर (औरंगाबाद)। शुक्रवार की रात भखरूआं स्थित एक बंद घर को चोरों ने खाली कर दिया। लगभग 20 लाख रुपये के जेवरात और नगदी दो लाख रुपए समेत कई सामान ले गए। यह घर मंटू हॉस्पिटल के पीछे है। यहां सघन आबादी है और इस घर के आस – पास सटे कई घर हैं। चोरों ने जिस प्रकार से यहां हाथ साफ किया है उससे यह साफ पता चलता है कि इतनी बड़ी चोरी की घटना को अंजाम देने में उन्हें घंटों लगे होंगे।
आश्चर्य कि इतनी समयावधि में घर में रखे कई बक्सा और आलमारी को उन्होंने तोड़ दिया और पड़ोसियों को पता तक नहीं लगी। गृह स्वामी डा.उपेंद्र कुमार सिंह अपनी पुत्री पुष्पांजलि कुमारी के साथ मध्य प्रदेश के सतना उसकी डिग्री लेने गए थे। जबकि इनकी पत्नी अपने पुश्तैनी घर हसपुरा के सिहाड़ी गई थी। घर खाली था, कोई नहीं था। प्राथमिकी आवेदन के अनुसार चारों कमरा और किचेन का ताला टूटा हुआ था। पांच बक्सा के अलावे गोदरेज ट्रॉली समेत अन्य सब के सब सामान बिखरे हुए थे।
पुलिस शनिवार को सुबह पीड़ित के घर पहुंची और मामले की छानबीन की। प्राप्त जानकारी के अनुसार चोर पीछे के रास्ते घर में घुसे और गोदरेज, बक्से व दीवान तोड़कर सामान ले गए। डॉ. यादव ने बताया कि उनकी बेटी की शादी नवंबर में तय है और वर्षों की मेहनत से जुटाए गए जेवरात चोरी हो गए। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत है तथा पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग तेज हो गई है। संवाद प्रेषण तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।