दर्शन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट के निदेशक हैं रौशन सिन्हा
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
दाउदनगर (औरंगाबाद)। शिक्षा एवं स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले दर्शन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट के निदेशक रौशन कुमार सिन्हा को प्रतिष्ठित “बिहारी हीरो अवार्ड 2026” से पटना में सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें युवाओं के बीच स्किल डेवलपमेंट और कंप्यूटर एजुकेशन के क्षेत्र में नई क्रांति लाने के लिए प्रदान किया गया।
यह भव्य सम्मान समारोह बड़े ही शानदार माहौल में आयोजित किया गया, जहां विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभाशाली लोगों को सम्मानित किया गया। समारोह में बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री स्नेहा उल्लाल ने रौशन कुमार सिन्हा को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
रौशन कुमार सिन्हा पिछले कई वर्षों से बिहार के युवाओं को तकनीकी शिक्षा, डिजिटल स्किल और रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में दर्शन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट ने हजारों छात्रों को कंप्यूटर शिक्षा एवं कौशल प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के युवाओं को रोजगार के नए अवसर प्राप्त हो रहे हैं। राजेश सिन्हा, मनीष, पंकज और विशाल कुमार सहयोगी की भूमिका में रहे l
सम्मान प्राप्त करने के बाद रौशन कुमार सिन्हा ने कहा कि यह अवार्ड केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी छात्रों, शिक्षकों और सहयोगियों का सम्मान है जो शिक्षा के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के मिशन में जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संस्थान और भी आधुनिक तकनीकी एवं एआई आधारित शिक्षा को युवाओं तक पहुंचाने का कार्य करेगा।
इस उपलब्धि से दाउदनगर एवं पूरे औरंगाबाद जिले में खुशी का माहौल है। शिक्षा जगत से जुड़े लोगों एवं छात्रों ने रौशन कुमार सिन्हा को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बताया।