नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। श्री दिगंबर जैन समाज, औरंगाबाद के अध्यक्ष कन्हैयालाल जैन के नेतृत्व में सोमवार को जैन समाज के लोगों ने राष्ट्रभर के साधु-संतों की सुरक्षा की मांग को लेकर शहर में मौन जुलूस निकाला। जुलूस में बड़ी संख्या में जैन समाज के महिला-पुरुष एवं युवा शामिल हुए।
जैन समाज के लोगों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व मध्य प्रदेश के रीवा में दो जैन साध्वियों की सड़क दुर्घटना में वाहन की चपेट में आने से मृत्यु हो गई थी। इस घटना से पूरे देश का जैन समाज शोक संतप्त है। इसी के विरोध एवं साधु-संतों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग को लेकर देशभर में मौन जुलूस निकाला जा रहा है।
मौन जुलूस के दौरान लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। जुलूस के उपरांत जैन समाज के प्रतिनिधिमंडल ने जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद को ज्ञापन सौंपकर साधु-संतों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था एवं प्रशासनिक सहयोग की मांग की।
समाज के लोगों ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने चाहिए ताकि साधु-संत सुरक्षित रूप से अपने धार्मिक कार्य कर सकें।