नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। डीएवी पब्लिक स्कूल, दयानंद विहार, औरंगाबाद के विद्यार्थियों ने अन्तर्राष्ट्रीय प्रतिभा खोज परीक्षा (2025-26) में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। घोषित परीक्षा परिणाम में विद्यालय के कुल 201 विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
विद्यालय की कक्षा 10 की छात्रा तनुष्का कुमारी ने गणित विषय में ऑल इंडिया रैंक-1 प्राप्त कर बड़ी उपलब्धि हासिल की। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उसे 50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार तथा एक लैपटॉप प्रदान किया जाएगा।
परीक्षा में विद्यालय के 7 विद्यार्थियों को 500-500 रुपये का नकद पुरस्कार मिला, जबकि 89 विद्यार्थियों ने गोल्ड मेडल, 45 विद्यार्थियों ने सिल्वर मेडल और 49 विद्यार्थियों ने कांस्य पदक प्राप्त किया। इसके अलावा 10 विद्यार्थियों को पुरस्कार स्वरूप वैज्ञानिक कैलकुलेटर प्रदान किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य वी. के. पाठक ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि “परिश्रम ही सफलता की वास्तविक कुंजी है। दृढ़ संकल्प और निरंतर मेहनत से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।” उन्होंने विद्यार्थियों से भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की अपेक्षा जताई। यह परीक्षा विद्यालय की गणित शिक्षिका मीरा कुमारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई थी।
महात्मा गांधी राजभाषा हिंदी प्रतियोगिता परीक्षा में भी उत्कृष्ट सफलता
इसी क्रम में महात्मा गांधी राजभाषा हिंदी प्रतियोगिता परीक्षा का परिणाम भी घोषित किया गया, जिसमें डीएवी पब्लिक स्कूल के 10 विद्यार्थियों ने शानदार सफलता अर्जित करते हुए “महात्मा गांधी राजभाषा प्रतिभावंत पुरस्कार” प्राप्त किया।
पुरस्कार प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में ऋषिका कुमारी, सत्यम कुमार, अक्शा रहमान, चाहत प्रवीण, आशिया रहमान, आर्यन कुमार, अनामिका कुमारी, आलिया इस्लाम, फैज़ान अख्तर तथा रौनक सिंह सोलंकी शामिल हैं।
यह परीक्षा महात्मा गांधी राजभाषा हिंदी प्रचार संस्था द्वारा फरवरी माह में आयोजित की गई थी, जिसका विद्यालय स्तर पर संचालन हिंदी शिक्षक जगदीश प्रजापति के मार्गदर्शन में किया गया था।
विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शिक्षकों के समर्पण और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम है।