नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति एवं एनएसीओ के संयुक्त तत्वावधान में युवाओं के बीच एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित “रेड रन-2026” के तहत औरंगाबाद जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर एड्स जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार मिश्रा ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना कर किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि एचआईवी/एड्स जैसी गंभीर बीमारी के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए युवाओं का जागरूक होना और दूसरों को भी जागरूक करना समय की आवश्यकता है।

प्रतियोगिता में राम लखन सिंह यादव महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता के विजेता अब राजगीर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय रेड रन-2026 प्रतियोगिता में औरंगाबाद जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में डॉ. संजीव रंजन एवं डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह ने विजेता एवं प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र एवं पुस्तकें प्रदान कर सम्मानित किया। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं केवल खेल तक सीमित नहीं होतीं, बल्कि युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक सोच विकसित करने का माध्यम भी बनती हैं।
कार्यक्रम के दौरान जिला नोडल पदाधिकारी बहादुर भीम कुमार सिंह ने सभी अतिथियों का स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने कहा कि रेड रन का उद्देश्य युवाओं तक यह संदेश पहुंचाना है कि सही जानकारी, जागरूकता और सावधानी से एचआईवी/एड्स की रोकथाम संभव है। समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने और लोगों को जागरूक बनाने में युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ. अरविंद कुमार (बर्सर), डॉ. राजीव रंजन, डॉ. निहारिका कुमारी, मनोज कुमार (लेखपाल), नंदलाल कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी एवं विभिन्न महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा तथा प्रतिभागियों ने एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।