नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को चिड़ियाताड़ मंडल के कंकड़बाग स्थित चौहान मार्केट सभागार में भाजपा अति पिछड़ा प्रकोष्ठ एवं ओबीसी मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में अति पिछड़ा एवं पिछड़ा समाज की एक विशाल बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में महिलाओं की भी भागीदारी रही। उपस्थित लोगों ने एनडीए समर्थित भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को भारी मतों से विजयी बनाने का संकल्प लिया।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा अति पिछड़ा प्रकोष्ठ, बिहार प्रदेश के क्षेत्रीय प्रभारी संजय कुमार चौहान ने की। मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं अति पिछड़ा प्रकोष्ठ, बिहार के संयोजक प्रमोद सिंह चंद्रवंशी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में प्रमोद सिंह चंद्रवंशी ने कहा कि वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में बाकीपुर की जनता ने नितिन नवीन को भारी मतों से विजयी बनाया था। उन्होंने कहा कि पार्टी ने नितिन नवीन को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देते हुए राज्यसभा सदस्य बनाया है, जिससे बांकीपुर का सम्मान पूरे देश में बढ़ा है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि इस सम्मान का जवाब भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को रिकॉर्ड मतों से विजयी बनाकर दें।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अति पिछड़ा एवं पिछड़ा समाज के सम्मान और अधिकारों को मजबूत करने के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। पंचायत एवं नगर निकाय चुनावों में अति पिछड़ा वर्ग को 20 प्रतिशत तथा महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने के साथ ही केंद्र सरकार ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देकर समाज को नई ताकत प्रदान की है।
प्रमोद सिंह चंद्रवंशी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय, बिजली और पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है। उन्होंने उपस्थित लोगों से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
बैठक को संजय निषाद, मुकेश निषाद, मुकेश मंडल, संजय गुप्ता, संजय कुमार चंद्रवंशी, रिपु पटेल, मदन लाल, सविता देवी, विनीता देवी, रंजन कुमार, इंदल चंद्रवंशी, सुनील कुमार, सुरेश कुमार बुधिया एवं संतोष पटेल सहित कई नेताओं ने संबोधित किया और भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का आह्वान किया।