सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की समीक्षा बैठक में मंत्री ने प्रचार-प्रसार व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के दिए निर्देश
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की भूमिका को और मजबूत किया जाएगा। ग्रामीण विकास तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री एवं जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सरकार के 100 दिनों के कार्यों और नई जनहित योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया।
मंत्री ने कहा कि सरकार, विभिन्न विभागों और जिला स्तर पर किए जा रहे सकारात्मक कार्यों की जानकारी समाचार पत्रों, टीवी, रेडियो और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाई जाए। साथ ही गलत सूचना और अफवाहों को रोकने के लिए भ्रामक खबरों का त्वरित आधिकारिक खंडन करने पर भी जोर दिया।
श्रवण कुमार ने मीडिया संबंधी कार्यों को और अधिक सुचारू एवं मजबूत बनाने का निर्देश देते हुए कहा कि सोशल मीडिया की बढ़ती पहुंच का बेहतर उपयोग किया जाए। सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का फेसबुक, एक्स, इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्मों पर नियमित और बेहतर गुणवत्ता के साथ प्रचार किया जाए तथा इसकी लगातार समीक्षा भी की जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार और आमजन के बीच विश्वास तथा सकारात्मक संवाद बनाए रखना आवश्यक है। इसके लिए विभागीय कार्यों में बेहतर समन्वय और पारदर्शिता के साथ काम करने की जरूरत है।
बैठक में विभाग के सचिव नवीन कुमार, निदेशक अनिल कुमार, संयुक्त सचिव राजीव कुमार सिंह सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।