नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। चिराग पासवान के सबसे भरोसेमंद और करीबी सहयोगियों में से एक लोजपा (रामविलास) के खगड़िया सांसद राजेश वर्मा हैं, जिन्हें पार्टी में संगठन विस्तार और रणनीतिक जिम्मेदारियों के कारण अक्सर उनका मुख्य रणनीतिकार या ‘ब्रह्मास्त्र’ माना जाता है। चिराग पासवान ने सांसद राजेश वर्मा को लोजपा (रामविलास ) का राष्ट्रीय प्रवक्ता और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया है। सांसद राजेश वर्मा चिराग पासवान के सबसे भरोसेमंद नेताओं में गिने जाते हैं।
चिराग पासवान ने पार्टी की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी के जरिए साफ कर दिया है कि वफादारी और सांगठनिक क्षमता उनके लिए सर्वोपरि है। खगड़िया से युवा सांसद राजेश वर्मा को राष्ट्रीय प्रवक्ता और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की दोहरी जिम्मेदारी सौंपकर चिराग ने उन्हें पार्टी का मुख्य रणनीतिक चेहरा बना दिया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह कदम पार्टी के भीतर युवा नेतृत्व को मजबूत करने और आगामी चुनावों से पहले वित्तीय व वैचारिक मोर्चे को धार देने की सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने अपनी नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा कर दी है। इसमें भागलपुर के पूर्व डिप्टी मेयर और वर्तमान खगड़िया सांसद राजेश वर्मा को दो अत्यंत महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। यह फैसला कोई अचानक लिया गया कदम नहीं है, बल्कि इसके पीछे गहरी राजनीतिक वफादारी है। साल 2020 में जब लोजपा दो गुटों में बंट गई थी और चिराग पासवान अपने राजनीतिक जीवन के सबसे बड़े संकट से जूझ रहे थे, तब राजेश वर्मा उनके साथ दीवार की तरह खड़े रहे। चिराग ने पहले उन्हें 2024 के लोकसभा चुनाव में खगड़िया से टिकट देकर उनकी वफादारी का सम्मान किया, जहाँ राजेश ने जीत दर्ज की। अब नई संगठनात्मक टीम में उन्हें दोहरी भूमिका देकर चिराग ने यह साफ संदेश दिया है कि संकट के दिनों के साथियों को वे कभी नहीं भूलते।
आगामी राजनीतिक चुनौतियों से निपटने के लिए लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने अपनी संगठन शक्ति को मजबूत कर लिया है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अब्दुल खालिक ने नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। राजू तिवारी और अशरफ अंसारी जैसे अनुभवी नेताओं को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी मिलने से कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। पार्टी को उम्मीद है कि नए पदाधिकारियों के आने से संगठन को जमीन पर और मजबूती मिलेगी।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने आगामी राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने संगठन में युवा नेतृत्व, महिलाओं और क्षेत्रीय संतुलन पर विशेष जोर दिया है। सांसद शांभवी चौधरी को छात्र प्रकोष्ठ और प्रणब कुमार को युवा प्रकोष्ठ की कमान सौंपी गई है। वहीं, चंद्रा प्रभा भाटिया महिला प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी संभालेंगी। एस. रिचर्ड हुमत्सोए, रेमा जॉर्ज, पीएच रामचंद्रन और केबी भारती समेत 9 नेताओं को राष्ट्रीय सचिव बनाकर देश के अलग-अलग हिस्सों से प्रतिनिधित्व को जोड़ा गया है। पार्टी ने संगठन को मजबूत करने के लिए विधि प्रकोष्ठ (अधिवक्ता सुशील कुमार) और किसान प्रकोष्ठ (धर्मेंद्र मिश्रा) जैसे मोर्चों पर भी नए प्रभार तय किए हैं।