नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
हाजीपुर। तीसीऔता थाना क्षेत्र में बिंदी चौक और राम सुरेश चौक के बीच गुरुवार देर रात अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी। बदमाश व्यवसायी को गोली मारने के बाद उनका बैग लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र निवासी 32 वर्षीय विशाल कुमार के रूप में की गई है। वह पिछले करीब आठ वर्षों से राम सुरेश चौक स्थित कामेश्वर साह के मकान में किराये पर रह रहे थे। बताया जाता है कि फूलकुमारी मार्केट में लालबाबू राय के यहां उनकी सोने-चांदी की दुकान थी।
जानकारी के अनुसार रक्षाबंधन को लेकर बाजार में भीड़ अधिक होने के कारण विशाल ने गुरुवार की रात दुकान देर से बंद की। इसके बाद वह पैदल अपने किराये के मकान की ओर जा रहे थे। घर से करीब 500 मीटर पहले सुनसान रास्ते में पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और गोलीबारी शुरू कर दी।
बताया जाता है कि विशाल को तीन गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग जब तक मौके पर पहुंचते, तब तक बदमाश उनका बैग लेकर फरार हो चुके थे।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल विशाल को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौत हो गई।
विशाल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार उनकी शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले हुई थी और उनका एक माह का बेटा है। रक्षाबंधन से एक दिन पहले हुई इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
तीसीऔता थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मामला लूट के दौरान हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक का बैग गायब है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।