नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
गढ़वा। झारखंड राज्य के गढ़वा जिले के कांडी थाना क्षेत्र के लमारी कला गांव के चतरी टोला में शनिवार को मकई के खेत से 21 वर्षीय युवक का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान चतरी टोला निवासी भंगी रजवार के पुत्र अंकज कुमार के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, अंकज गुरुवार रात करीब 8:30 बजे घर से लापता था। काफी खोजबीन के बाद शुक्रवार दोपहर कांडी थाना में गुमशुदगी की सूचना दी गई। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर तलाश की, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ मिला।
शनिवार को पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने आसपास खोजबीन शुरू की। इसी दौरान घर से करीब 100 मीटर दूर मकई के खेत में अंकज का शव मिला। सूचना मिलते ही कांडी थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम मौके पर पहुंचे और घटनास्थल पर कैंप किया। शव मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पलामू से खोजी कुत्ता भी मंगाया है। पुलिस घटना से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर छानबीन कर रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।