बेताब अहमद
डेहरी ऑन सोन। शिक्षा विभाग के निर्धारित शेड्यूल के तहत डेहरी प्रखंड के स्कूलों से एक बेहद खूबसूरत और प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है। यहाँ के प्राथमिक विद्यालय तारबंगला में ‘खेलो और सीखो’ थीम पर एक विशेष शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
इस संगोष्ठी ने यह साबित कर दिया कि शिक्षा सिर्फ किताबों तक सीमित नहीं है। शिक्षकों ने अभिभावकों को समझाया कि खेल बच्चों के मानसिक और सामाजिक विकास का एक मजबूत जरिया हैं। खेल के मैदान से बच्चे अनुशासन, टीम वर्क और नेतृत्व जैसे जीवन के सबसे बड़े सबक सीखते हैं। इस सकारात्मक पहल का उद्देश्य बच्चों को एक खुशहाल और तनावमुक्त माहौल देना है, जहाँ वे खेलते हुए भी ज्ञान हासिल कर सकें।
प्राथमिक विद्यालय तारबंगला में आयोजित एक विशेष संगोष्ठी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नई राह दिखाई। विद्यालय के प्रधान शिक्षक तनवीर अख्तर ने अभिभावकों को प्रेरित करते हुए कहा कि बच्चों को तनावमुक्त माहौल देना और उनकी रुचि को पहचानना ही सच्ची शिक्षा है।
कार्यक्रम का सबसे खूबसूरत पल वह रहा जब प्रथम वर्ग के मोहित कुमार की माता रेखा देवी को ‘पेरेंट्स ऑफ द मंथ’ और अर्पिता कुमारी को ‘स्टूडेंट ऑफ द मंथ’ के खिताब से नवाजा गया। इस दौरान सभी अभिभावकों ने बच्चों के साथ मित्रता जैसे व्यवहार करने और स्कूल के साथ मिलकर काम करने का एक सकारात्मक संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रधान शिक्षक तनवीर अख्तर, वरीय शिक्षक अमरनाथ पंडित, मिशाल कुमार गोस्वामी, जेबा कौशर सहित विद्यालय के सभी शिक्षक और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।