कैमूर डीएम कुमार अनुराग ने किया धाम का स्थलीय निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर दिए कई महत्वपूर्ण निर्देश
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
भभुआ। मां मुंडेश्वरी धाम के समग्र एवं सुनियोजित विकास को लेकर कैमूर के जिला पदाधिकारी कुमार अनुराग ने शनिवार को धाम एवं आसपास के क्षेत्रों का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, पर्यटन विकास और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
निरीक्षण के क्रम में डीएम ने रंगमंच क्षेत्र, इको पार्क, न्यास गेस्ट हाउस एवं संग्रहालय परिसर का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार कर चरणबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए।
माँ मुंडेश्वरी न्यास परिषद की करीब 10 एकड़ भूमि पर स्थायी हेलीपैड, आधुनिक कैफेटेरिया तथा बड़े और व्यवस्थित पार्किंग स्थल के निर्माण की योजना बनाई गई है। डीएम ने प्रथम चरण में अंचलाधिकारी को भूमि का सीमांकन कराने का निर्देश दिया। इसके बाद विस्तृत लेआउट तैयार कर पर्यटन विभाग एवं कला-संस्कृति विभाग को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
धाम के ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व को और बेहतर ढंग से प्रदर्शित करने के लिए संग्रहालय का आधुनिकीकरण एवं विस्तार किया जाएगा। साथ ही श्रद्धालुओं और परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से संग्रहालय के समीप स्थायी पुलिस नाका स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया।
डीएम ने मुंडेश्वरी धाम क्षेत्र में मौजूद सभी सरकारी भूमि का त्वरित सीमांकन कराने का निर्देश दिया। राजस्व विभाग एवं अंचलाधिकारी को सरकारी, रैयती और वन भूमि को स्पष्ट रूप से चिन्हित करने को कहा गया है। सीमांकन के बाद क्षेत्र का विस्तृत नक्शा तैयार कर विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।
डीएम कुमार अनुराग ने कहा कि माँ मुंडेश्वरी धाम कैमूर जिले की अमूल्य ऐतिहासिक, धार्मिक एवं आध्यात्मिक पहचान है। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना, सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा पूरे क्षेत्र का संतुलित और सुनियोजित विकास प्रशासन की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान न्यास सचिव अशोक, अनुमंडल पदाधिकारी भभुआ सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे।