बच्चों की सेहत और पढ़ाई की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं, पूर्णिया में खुलेगा गुरुकुलम संस्कृत विद्यापीठ
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
पटना। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि अब केंद्रीकृत रसोईघरों में मध्याह्न भोजन सुबह 9 बजे के बाद ही बनाया जाए, ताकि विद्यालयों के बच्चों को ताजा, गर्म एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि बच्चों की सेहत और पोषण के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री शनिवार को कटिहार और पूर्णिया के एक दिवसीय प्रवास के दौरान शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने शिक्षा व्यवस्था, विद्यालयों के संचालन, विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
कटिहार जिला अतिथि गृह में आयोजित बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मध्याह्न भोजन तैयार करने वाली एजेंसियों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर नियमित निगरानी रखी जाए। भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, निर्धारित मात्रा तथा समय पर बच्चों तक भोजन पहुंचने की व्यवस्था की लगातार समीक्षा करने को कहा गया।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों में साफ-सफाई और भोजन तैयार करने की प्रक्रिया में निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से पालन कराया जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पूर्णिया में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री ने कहा कि वहां गुरुकुलम संस्कृत विद्यापीठ की स्थापना की जाएगी। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य संस्कृत शिक्षा को आधुनिक शिक्षा के साथ जोड़ते हुए भारतीय ज्ञान परंपरा को मजबूत आधार प्रदान करना है।
उन्होंने कहा कि बिहार सरकार संस्कृत भाषा एवं भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण, संवर्धन और पुनर्स्थापना के लिए प्रतिबद्ध है। संस्कृत शिक्षा को समय की जरूरतों के अनुरूप आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि संस्कृत विद्यालयों एवं मदरसों की शैक्षणिक व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं पर सरकार की विशेष नजर है। इन संस्थानों में अध्ययनरत बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सरकार द्वारा निर्धारित सुविधाओं का समुचित लाभ मिलना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संस्कृत विद्यालयों एवं मदरसों की नियमित निगरानी और समीक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि शिक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहे।
पूर्णिया की समीक्षा बैठक में मंत्री लेसी सिंह, मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल, विधायक कृष्ण कुमार ऋषि, उप विकास आयुक्त सहित विभाग के वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
वहीं कटिहार की समीक्षा बैठक में पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, विधायक दुलालचंद गोस्वामी, विधायक संगीता देवी, विधान पार्षद अशोक अग्रवाल, जिला कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष मनोज राय के अलावा जिला पदाधिकारी, उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।