परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, अधिकारियों ने पहुंचकर संभाला मोर्चा
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
सासाराम। नगर थाना क्षेत्र स्थित सदर अस्पताल में प्रसव के दौरान गर्भवती महिला और उसके बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है।
बताया जाता है कि चेनारी निवासी आशा देवी को प्रसव के लिए सासाराम सदर अस्पताल परिसर स्थित मातृ-शिशु अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार, प्रसव के दौरान आशा देवी की हालत बिगड़ गई और बाद में उनकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि देर रात अस्पताल में डॉक्टर मौजूद नहीं थे और केवल दो-तीन नर्सों के द्वारा प्रसव कराया जा रहा था। इसी दौरान महिला की मौत हो गई। नवजात की भी मौत होने की बात परिजनों द्वारा कही जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके करगहर थाना क्षेत्र के कुसही गांव से भी बड़ी संख्या में लोग सदर अस्पताल पहुंच गए। इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।
लोगों के आक्रोश को देखते हुए अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर जिला प्रशासन के कई अधिकारी और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने आक्रोशित परिजनों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
खबर लिखे जाने तक परिजन महिला के शव को रखकर अपना आक्रोश जता रहे थे। मृतका के पति का नाम नीतीश कुमार पासवान बताया गया है। परिजनों के अनुसार, आशा देवी का यह तीसरा प्रसव था।
वहीं, घटना के संबंध में स्वास्थ्य विभाग अथवा संबंधित अधिकारियों की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया गया है। अधिकारी फिलहाल मामले में कुछ भी कहने से बचते नजर आए। परिजनों के आरोपों और पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।