नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। लगातार हो रही बारिश के कारण मसौढ़ी अनुमंडल की नदियां उफान पर हैं। पुनपुन नदी खतरे के निशान से करीब डेढ़ मीटर ऊपर बह रही है। वहीं दरधा और फल्गु नदियों के बढ़े जलस्तर से दरधा नदी में भी तेजी से पानी बढ़ रहा है।
देर रात धनरूआ प्रखंड की छाती पंचायत के नसरतपुर गांव के पास छिलका के समीप तटबंध टूट गया। इसके बाद बाढ़ का पानी तेजी से आसपास के गांवों की ओर बढ़ने लगा है। मुखिया किशोरी बिंद के अनुसार तटबंध टूटने से अमरपुरा, मानिक बीघा, पिपरामा, आतापुर, अरमल, चकरमल पचासा सहित आधा दर्जन से अधिक गांव प्रभावित हो सकते हैं।
ग्रामीणों ने जल संसाधन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मुखिया ने बताया कि पिछले वर्ष और इस वर्ष निरीक्षण के दौरान तटबंध के कमजोर हिस्से की मरम्मत की मांग की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। पंचायत समिति सदस्य श्यामदेव ने भी प्रशासन पर काम में देरी का आरोप लगाया।
तटबंध टूटने से ग्रामीणों में दहशत है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल टूटे तटबंध की मरम्मत कराने और बाढ़ से संभावित प्रभावित गांवों को बचाने की मांग की है।