कैलूचक मोहल्ले में हुई वारदात, इलाके में सनसनी, पुनपुन के शाहबाजपुर विद्यालय में कार्यरत थीं शिक्षिका
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मसौढ़ी। नगर के कैलूचक मोहल्ले में बुधवार को 35 वर्षीय महिला शिक्षिका लक्ष्मी कुमारी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। उनका रक्तरंजित शव घर के बेड पर मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतका लक्ष्मी कुमारी, पति ज्ञानचंद चौधरी और पिता शंकर चौधरी, प्रेम रोड मोहल्ले की रहने वाली थीं। वह पुनपुन के उत्क्रमित मध्य विद्यालय शाहबाजपुर में शिक्षिका के पद पर कार्यरत थीं।
परिजनों के अनुसार बुधवार सुबह घर का दरवाजा अंदर से बंद था। काम करने वाली दाई ने कई बार दरवाजा खटखटाया, लेकिन नहीं खुला। परिजनों ने भी मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया। करीब 11 बजे बच्चे घर पहुंचे और ताला तोड़कर अंदर गए तो बेड पर लक्ष्मी कुमारी का शव पड़ा मिला। परिजनों ने घर से आभूषण गायब होने की भी बात कही है।
सूचना पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राघव दयाल और थानाध्यक्ष विवेक भारती पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
एसडीपीओ राघव दयाल ने बताया कि महिला की हत्या अज्ञात धारदार हथियार से की गई है। गर्दन के पीछे जख्म का निशान मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। उन्होंने जल्द ही घटना का खुलासा करने की बात कही।
विद्यालय के शिक्षकों के अनुसार लक्ष्मी कुमारी मंगलवार को स्कूल आई थीं। बुधवार को उनके विद्यालय नहीं पहुंचने पर शिक्षकों ने भी उनसे संपर्क करने का प्रयास किया था। मृतका का मायका प्रेम रोड मोहल्ले में ही है। उनके पति ज्ञानचंद चौधरी गया में ग्रामीण कार्य विभाग में सहायक अभियंता हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।