नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
औरंगाबाद। आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता और अधिकाधिक मामलों के निष्पादन को लेकर जिला न्यायालय, औरंगाबाद में जिले के सभी थाना अध्यक्षों के साथ बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-प्रथम विश्व विभूति गुप्ता ने की।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव तान्या पटेल और मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी लाल बिहारी पासवान सहित जिले के विभिन्न थानों के थाना अध्यक्ष मौजूद रहे।
अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सभी थाना अध्यक्षों को प्रत्येक थाना से न्यूनतम 20 सुलह योग्य मामलों के निष्पादन का लक्ष्य निर्धारित करते हुए आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित पक्षकारों से समन्वय स्थापित कर मामलों के शीघ्र समाधान पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आम लोगों को त्वरित, सुलभ और आपसी सहमति से विवादों के समाधान का प्रभावी मंच उपलब्ध कराती है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव ने भी अधिकाधिक सुलहनीय मामलों के निष्पादन के लिए अधिकारियों से समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने आम नागरिकों से 12 सितंबर को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाकर सुलह योग्य मामलों का आपसी सहमति से समाधान कराने की अपील की।