हरिहरगंज-टंडवा मुख्य मार्ग पर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
अंबा (औरंगाबाद)। कुटुंबा थाना क्षेत्र के जमुआ गांव में बुधवार को खेत में सिंचाई के लिए मोटर चालू करने गए 65 वर्षीय किसान जमदार भगत की विद्युत करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर नटवा टीकर गांव के समीप हरिहरगंज-टंडवा मुख्य मार्ग जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
परिजनों के अनुसार जमदार भगत दोपहर में खेत में मोटर चालू करने गए थे। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजन उन्हें खोजते हुए खेत पहुंचे, जहां वे करंट की चपेट में अचेत पड़े मिले। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि किसानों ने मोटर चलाने के लिए वैध विद्युत कनेक्शन का एग्रीमेंट करा रखा है, लेकिन अब तक पोल और विधिवत कनेक्शन नहीं दिया गया। इसके कारण किसान टोका फंसाकर मोटर चलाने को मजबूर हैं।
सड़क जाम की सूचना पर कुटुंबा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों ने मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने और गांव में सुरक्षित विद्युत आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।