मोकामा में पुलिस ने पीछा कर पकड़ा, एक आरोपी हथियार लेकर फरार, हत्या समेत दो दर्जन से अधिक संगीन मामले दर्ज
नवबिहार टाइम्स संवाददाता
मोकामा। मोकामा थाना क्षेत्र के मोलदियार टोला में बुधवार देर रात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी राकेश कुमार उर्फ कारू सिंह को उसके एक साथी के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, कारू सिंह अपने साथियों के साथ कट्टा लेकर घूम रहा था और पत्नी के घर पहुंचकर पूर्व में दर्ज केस उठाने की धमकी दे रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कार्रवाई की और दोनों आरोपियों को बरही टोला से खदेड़कर पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोलदियार टोला निवासी राकेश कुमार उर्फ कारू सिंह और सकरबार टोला निवासी शिवजी सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, कट्टा लहराने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
बताया जाता है कि कारू सिंह अपने दो साथियों के साथ मोलदियार टोला स्थित अपनी पत्नी के घर पहुंचा था। वहां कट्टा दिखाकर पूर्व में दर्ज केस उठाने की धमकी देने की सूचना पुलिस को मिली। इसके बाद मोकामा थानाध्यक्ष कुणाल कुमार ने पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए भेजा।
पुलिस टीम को देखते ही आरोपी भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर कारू सिंह और उसके साथी शिवजी सिंह को पकड़ लिया, जबकि एक अन्य आरोपी कट्टा लेकर फरार हो गया। पुलिस ने फरार आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
थानाध्यक्ष कुणाल कुमार के अनुसार, राकेश कुमार उर्फ कारू सिंह के खिलाफ हत्या समेत कई संगीन अपराधों के करीब दो दर्जन मामले पहले से दर्ज हैं। कट्टा लहराने और पूर्व में दर्ज केस उठाने के लिए धमकी देने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।