पूछताछ में कई अहम राज का खुलासा, फर्जी पासपोर्ट से विदेश भागने की थी तैयारी, वसूली और धमकी से जुड़े स्थानीय अपराधियों के नाम भी बताए
नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
धनबाद। वासेपुर के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान को धनबाद पुलिस ने कोलकाता से गिरफ्तार किया है। धनबाद पुलिस की विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे कोलकाता से दबोचा और धनबाद लेकर पहुंची। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अधिकारी उससे लगातार पूछताछ कर रहे हैं। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में बंटी खान ने कई अहम जानकारियां दी हैं, जिसके आधार पर अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सोमवार को धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी मो. एस. याकूब बैंकमोड़ थाना पहुंचे। एसएसपी प्रभात कुमार ने बंटी खान की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि धनबाद पुलिस की स्पेशल टीम ने उसे कोलकाता से गिरफ्तार किया है। उससे पूछताछ जारी है और पूछताछ के दौरान उसने कई महत्वपूर्ण जानकारियां पुलिस को दी हैं।
एसएसपी के अनुसार, बंटी खान ने पूछताछ के दौरान ऐसे कई ठिकानों के बारे में बताया है, जहां अपराध की योजनाएं बनाई जाती थीं और संदिग्ध सामान रखे जाने की बात सामने आई है। पुलिस की टीमें इन स्थानों को चिह्नित कर रही हैं और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस बंटी खान को संबंधित स्थानों पर ले जाकर हाइडआउट और अन्य संदिग्ध ठिकानों की पहचान भी करा रही है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में बंटी खान ने कई ऐसे स्थानीय अपराधियों के नाम भी बताए हैं, जो पुलिस की निगरानी में पहले नहीं थे। इनमें झरिया इलाके के कुछ स्थानीय अपराधियों के नाम शामिल हैं, जिन पर धमकी देने और वसूली जैसी गतिविधियों में संलिप्त होने का संदेह है। पुलिस अब इन नामों और उनके आपराधिक नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
पुलिस को मिले दस्तावेजों की प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिला है कि बंटी खान फर्जी पासपोर्ट के जरिए विदेश भागने की तैयारी में था। पुलिस अब इन दस्तावेजों की गहन जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में किन लोगों की भूमिका रही।
एसएसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान बंटी खान ने कई महत्वपूर्ण राज खोले हैं। उसके द्वारा दी गई सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ और आगे की जांच में गैंग से जुड़े अन्य लोगों तथा आपराधिक गतिविधियों के बारे में और जानकारी सामने आ सकती है।
पुलिस बंटी खान को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी में है। जेल भेजे जाने के बाद धनबाद पुलिस कोर्ट से उसे रिमांड पर लेकर आगे पूछताछ करने की तैयारी में है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान उससे मिली जानकारियों के आधार पर गैंग के नेटवर्क, उसके सहयोगियों, ठिकानों और कथित आपराधिक गतिविधियों से जुड़े पहलुओं की विस्तृत जांच की जाएगी।