नवबिहार टाइम्स ब्यूरो
समस्तीपुर। जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र की अजना पंचायत के जखरा गांव स्थित वार्ड संख्या 13 में शुक्रवार सुबह चाय बनाने के दौरान गैस रिसाव से रसोई गैस सिलिंडर फट गया। सिलिंडर फटते ही घर में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने आसपास के कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग तेजी से फैलने के कारण मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची।
स्थानीय लोगों और अग्निशमन विभाग के काफी प्रयास के बाद बेकाबू आग पर काबू पाया जा सका। अगलगी की घटना में चार बकरियां, एक मोटरसाइकिल, दो साइकिल और 25 हजार रुपये नकद जलकर नष्ट हो गए। इसके अलावा घरों में रखा घरेलू सामान भी आग की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में रामवृक्ष राम, अशोक राम, राजेश राम, जियालाल राम, नारायण राम और नगेंद्र राम के घर जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। भीषण अग्निकांड के बाद पीड़ित परिवारों के सामने रहने और दैनिक जरूरतों को लेकर परेशानी उत्पन्न हो गई है। घटना से प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता की आवश्यकता है।
अंचलाधिकारी शशि रंजन ने बताया कि मामले की जांच के लिए हल्का कर्मचारी को मौके पर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिवारों को सरकार की ओर से मिलने वाली नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि ऋषिकेश मिश्र ने तत्काल सभी पीड़ित परिवारों के बीच सूखा राहत सामग्री उपलब्ध कराकर सहायता की।